अमेरिका ने भारत को लौटाए 297 पुरावशेष

  • 30 Sep 2024

21-23 सितंबर, 2024 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान अमेरिका ने भारत को “297 पुरावशेष” (Antiquities) सौंपे, जिन्हें देश से तस्करी कर बाहर ले जाया गया था।

  • ये पुरावशेष लगभग 4,000 वर्ष पुराने हैं, जो 2000 ईसा पूर्व से लेकर 1900 ई. तक के हैं।
  • इनमें से ज़्यादातर कलाकृतियां पूर्वी भारत की टेराकोटा वस्तुएं हैं, जबकि अन्य कलाकृतियां पत्थर, धातु, लकड़ी और हाथीदांत से बनी हैं, जो देश के विभिन्न हिस्सों का प्रतिनिधित्व करती हैं।
  • इनमें कुछ प्रमुख कलाकृतियां निम्नलिखित हैं-
    • मध्य भारत से बलुआ पत्थर में बनी अप्सरा, जो 10-11वीं शताब्दी ई. की है।
    • मध्य भारत से कांस्य में बनी जैन तीर्थंकर की प्रतिमा, जो 15-16वीं शताब्दी ई. की है।
    • पूर्वी भारत से टेराकोटा का बना फूलदान, जो तीसरी-चौथी शताब्दी ई. का है।
    • दक्षिण भारत से कांस्य में बनी भगवान गणेश की मूर्ति, जो 17-18वीं शताब्दी ई. की है।
    • उत्तर भारत से बलुआ पत्थर में बनी भगवान बुद्ध की खड़ी हुई मूर्ति, जो 15-16वीं शताब्दी ई. की है।
    • पूर्वी भारत से कांस्य में बनी भगवान विष्णु की मूर्ति, जो 17-18वीं शताब्दी ई. की है।
    • दक्षिण भारत से कांस्य में बनी भगवान कृष्ण की मूर्ति, जो 17-18वीं शताब्दी ई. की है।
    • दक्षिण भारत से ग्रेनाइट में बनी भगवान कार्तिकेय की मूर्ति, जो 13-14वीं शताब्दी ई. की है।