प्रोजेक्ट अस्मिता का शुभारंभ

  • 18 Jul 2024

16 जुलाई, 2024 को शिक्षा मंत्रालय तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने अगले 5 वर्षों में भारतीय भाषाओं में 22,000 किताबें विकसित करने के लिए 'अस्मिता' परियोजना की शुरुआत की।

  • अस्मिता [ASMITA (Augmenting Study Materials in Indian Languages through Translation and Academic Writing)] परियोजना का शुभारंभ उच्च शिक्षा सचिव संजय मूर्ति द्वारा किया गया।
  • यह शिक्षा में भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए यूजीसी और भारतीय भाषा समिति (मंत्रालय के अधीन एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति) का एक संयुक्त प्रयास है।
  • यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप शिक्षा प्रणाली में भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा की गई कई पहलों में से एक है।
  • इस दौरान 2 अन्य महत्वपूर्ण पहलों- 'बहुभाषा शब्दकोष' (Bahubhasha Shabdkosh) तथा 'रियल-टाइम ट्रांसलेशन आर्किटेक्चर' (Real-time Translation Architecture) का भी शुभारंभ किया गया।
  • बहुभाषा शब्दकोष, बहुभाषी शब्दकोशों (Multilingual Dictionaries) का एक विशाल भंडार बनाने की एक व्यापक पहल है। यह पहल केंद्रीय भारतीय भाषा संस्थान (CIIL) द्वारा भारतीय भाषा समिति के सहयोग से शुरू की गई है।
  • रियल-टाइम ट्रांसलेशन आर्किटेक्चर, भारतीय भाषा में रियल टाइम यानी वास्तविक समय में अनुवाद क्षमताओं को बढ़ाने के लिए एक तकनीकी ढांचे के निर्माण की सुविधा प्रदान करेगा। यह पहल भारतीय भाषा समिति के सहयोग से राष्ट्रीय शिक्षा प्रौद्योगिकी मंच (NEFT) द्वारा क्रियान्वित की जाएगी।