क्वॉड मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) साझेदारी

क्वाड चार देशों- भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका का एक अनौपचारिक संयुक्त चतुष्कोणीय सुरक्षा संवाद है। इसकी स्थापना हिंद महासागर में सुनामी आपदा के बाद भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका ने आपदा राहत प्रयासों में सहयोग करने के उद्देश्य से बनाया था। वर्ष 2007 में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने इस गठबंधन को चतुर्भुज सुरक्षा संवाद (क्वॉड) के रूप में औपचारिक स्वरूप प्रदान किया। इस संगठन का उद्देश्य एक नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का निर्माण करना तथा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति और समन्वय स्थापित करना है।

क्वॉड मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) साझेदारी

  • क्वाड देशों ने “हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) पर क्वाड साझेदारी के लिए दिशा-निर्देशों” पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उदेश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मौजूद सुभेद्यताओं को देखते हुए जरूरी कदम उठाना तथा क्वाड भागीदारों के लिए इस क्षेत्र में उनकी आपदा-रोधी कार्रवाइयों के समन्वय हेतु एक समर्पित ढांचे के रूप में भी कार्य करना है।
  • ये दिशा-निर्देश HADR परिचालन के लिए उनके संसाधनों और भौतिक क्षमताओं, अंतर-संचालनीयता तथा परिचालन संबंधी तालमेल में वृद्धि करेंगे एवं ऑपरेशन संबंधी कार्रवाई मानवता, तटस्थता और निष्पक्षता के मूल सिद्धांतों द्वारा निर्देशित होगी। इन मूल सिद्धांतों का उल्लेख मानवीय सहायता के प्रावधानों पर संयुक्त राष्ट्र महासभा के संकल्प 46/182 में किया गया है।
  • दिशा-निर्देशों में लैंगिक शोषण, दुर्व्यवहार और उत्पीड़न से निपटने में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस का आह्वान किया गया है।

क्वॉड शिखर सम्मेलनः इसका आयोजन 24 मई, 2022 को टोक्यो, जापान में किया गया था तथा इसके भागीदार देशों में ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका शामिल था। इस समिट में क्वाड फेलोशिप (QUAD Fellowship) को लॉन्च किया गया। इसका उद्देश्य क्वाड के चार सदस्यों के बीच लोगों से लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा देना है। यह फेलोशिप अमेरिका में प्रमुख विज्ञान प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) विश्वविद्यालयों में उच्च अध्ययन और डॉक्टरेट की डिग्री हासिल करने के लिए प्रत्येक क्वाड देश के 25 छात्रें को प्रायोजित करेगी। सितंबर 2021 में वॉशिंगटन में पहला क्वॉड शिखर सम्मेलन आयोजित हुआ था।

नया क्वाड आर्थिक फोरमः आर्थिक सहयोग के लिए एक अंतरराष्ट्रीय फोरम स्थापित करने के उदेश्य से भारत, इजरायल, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और संयुक्त राज्य अमेरिका ने 18 अक्टूबर, 2021 को एक ‘नया क्वाड आर्थिक फोरम’ लॉन्च करने का फैसला किया है, जिसका फोकस क्षेत्र मध्य-पूर्व और एशिया में आर्थिक और राजनीतिक सहयोग का विस्तार करेगा, जिसमें व्यापार, जलवायु परिवर्तन का मुकाबला, ऊर्जा सहयोग और समुद्री सुरक्षा बढ़ाना है।

भारत के हितः यह संगठन चीन के प्रभाव को कम कर उसकी शक्ति को संतुलित करेगा तथा पूर्वी एशिया से सम्बन्धित हितों, हिन्द महासगर क्षेत्र की सुरक्षा, और एक्ट ईस्ट पॉलिसी को मजबूत करेगा।